कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) और अम्बेडकर चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा परस्पर सहयोग की पहल
रायपुर : अम्बेडकर चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के राष्ट्रीय (अम्बेडकर चैम्बर) अध्यक्ष रुसेन कुमार और कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर परवानी की रायपुर में हुई मुलाकात में उद्यमिता प्रोत्साहन और व्यापार कल्याण के लिए संयुक्त रूप से काम करने पर विस्तृत चर्चा हुई। दोनों व्यापारिक नेतृत्वकर्ताओं ने समावेशी उद्यमिता को गति देने, बाजार से जोड़ने तथा देशभर में रणनीतिक सहयोग विकसित करने के प्रमुख अवसरों पर सहमति जताई।
भारत के माननीय प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के विज़न में मजबूत भागीदारी निभाने के लिए कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स द्वारा भारतीय व्यापार महोत्सव देश की राजधानी नई दिल्ली के भारत मंडपम में 1 मई से 4 मई 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।
अपेक्षित भागीदारी में लघु एवं सूक्ष्म उद्योग एवं व्यापार सेक्टर एमएसएमई, ट्रेडर्स, मैन्युफैक्चरर्स, एसोसिएशंस, फेडरेशंस, ग्रामीण उद्यम व हस्तशिल्प-हथकरघा, महिला उद्यमी, स्व-सहायता समूह, को-ऑपरेटिव्स, युवा इनोवेटर्स, स्टार्टअप्स, अंतरराष्ट्रीय ट्रेड संगठन, बैंक, निवेशक एवं वित्तीय संस्थान, राज्य सरकारें, मंत्रालय एवं सार्वजनिक क्षेत्र कंपनियाँ PSUs शामिल रहेंगे। यह राष्ट्रीय आयोजन घरेलू बाजार में उभरते हुए व्यापारों को आगे बढ़ाने में अतुलनीय योगदान करेगा।
अम्बेडकर चैम्बर पवेलियन का प्रस्ताव
दोनों नेताओं ने भारतीय व्यापार महोत्सव में अम्बेडकर चैम्बर पवेलियन की संभावना पर चर्चा की। प्रस्तावित पवेलियन का उद्देश्य नए व उभरते उद्यमियों, विशेषकर महिला, युवा और सामाजिक रूप से वंचित समुदायों के उद्यमियों को—बाजार और खरीदारों से जोड़ना, उद्यम से उद्यम संपर्क उपलब्ध कराना, वित्तीय सेवाओं व संस्थागत सहयोग तक पहुंच बनाना, कौशल एवं क्षमता निर्माण तथा रोजगार–उद्यमिता मॉडल को बढ़ावा देना— जैसे व्यावहारिक अवसर प्रदान करना शामिल है।
अम्बेडकर चैम्बर: समावेशी उद्यमिता का राष्ट्रीय मंच
अम्बेडकर चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री – एक राष्ट्रीय वाणिज्य परिसंघ है, जो अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, महिला, घुमंतू एवं विमुक्त जनजाति, अल्पसंख्यक, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, लैंगिक विविधता समुदाय तथा दिव्यांगजन उद्यमियों को सशक्त बनाने के लिए कार्यरत है। यह प्रतिष्ठित संगठन भारत की समावेशी आर्थिक एवं व्यापारिक विकास यात्रा में इन वंचित समुदायों की समान भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु अवसरों तक न्यायसंगत पहुंच, कौशल विकास एवं क्षमता निर्माण, वित्तीय समावेशन, और समग्र आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए काम कर रहा है।
अमर परवानी – राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट)
कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर परवानी ने कहा – भारतीय व्यापार आंदोलन का उद्देश्य स्वदेशी व्यापार, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम तथा भारतीय उत्पादों को बड़े बाजार और मजबूत साझेदारियों से जोड़ना है। भारतीय व्यापार महोत्सव एक ऐसा राष्ट्रीय मंच है जहां खरीदार–विक्रेता आमने सामने जुड़ेंगे और व्यापारिक अवसर कई गुना बढ़ेंगे। अम्बेडकर चैम्बर के साथ मिलकर समावेशी उद्यमिता, कौशल विकास और आर्थिक भागीदारी को नई गति देने की दिशा में हम ठोस पहल करेंगे।
रुसेन कुमार – राष्ट्रीय अध्यक्ष – अम्बेडकर चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री
अम्बेडकर चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के राष्ट्रीय अध्यक्ष रुसेन कुमार ने कहा – अम्बेडकर चैम्बर का लक्ष्य उन समुदायों के उद्यमियों को आर्थिक मुख्यधारा से जोड़ना है, जो लंबे समय व्यापारिक एवं आर्थिक अवसरों से वंचित हैं। अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ – कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर पारवानी के साथ संवाद और भारतीय व्यापार महोत्सव में अम्बेडकर चैम्बर पवेलियन की पहल—समावेशी उद्यमिता को राष्ट्रीय स्तर पर ठोस परिणामों में बदलने का अवसर बनेगी। हमारी प्राथमिकताओं में न्यायसंगत अवसर, कौशल विकास, वित्तीय समावेशन और समग्र आर्थिक सशक्तीकरण शामिल हैं। रुसेन कुमार ने कहा – हम अपने अधिक से अधिक सदस्य कंपनियों एवं संगठनों को समुचित व्यवस्था प्रदान करके उन्हें प्रोत्साहित करेंगे ताकि अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित की जा सके। हम केंद्र सरकार, विभिन्न मंत्रालयों, संबंधित विभागों एवं राज्य सरकारों से निवेदन करेंगे कि उनकी ल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत अम्बेडकर चैम्बर पवेलियन के लिए आवश्यक संसाधन एवं समुचित अनुदान प्रदान किया जाये।











